भारतीय AYUSH पद्धतियों को वैश्विक मंच देने के लिए थाईलैंड में होगा International AYUSH Conclave 5.0
17–21 दिसंबर को पट्टाया और बैंकॉक में जुटेंगे भारत सहित एशियाई देशों के डॉक्टर, वैज्ञानिक, रिसर्चर्स और हेल्थकेयर इनोवेटर्स; ज्ञान साझा करने...
17–21 दिसंबर को पट्टाया और बैंकॉक में जुटेंगे भारत सहित एशियाई देशों के डॉक्टर, वैज्ञानिक, रिसर्चर्स और हेल्थकेयर इनोवेटर्स; ज्ञान साझा करने, ग्लोबल नेटवर्किंग और प्रतिभाओं को सम्मान देने पर रहेगा फोकस
आगरा (उत्तर प्रदेश), 17 नवंबर : भारतीय आयुष पद्धतियों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से International AYUSH Conclave 5.0 – Thailand Edition का आयोजन 17 से 21 दिसंबर 2026 तक थाईलैंड के पट्टाया और बैंकॉक में किया जाएगा। इस कॉन्क्लेव का आयोजन आगरा स्थित CIVIC (Council for Integrative Vaidya Innovation & Collaboration) द्वारा किया जा रहा है। थाईलैंड में इस आयोजन के लिए India–Thai Chamber of Commerce, Bangkok के साथ सहयोग किया जा रहा है।
CIVIC इससे पहले आगरा, गोवा, जयपुर और काठमांडू में चार कॉन्क्लेव आयोजित कर चुका है। भारत में हुए पहले तीन आयोजनों में Zee Media के साथ सहयोग रहा, जबकि नेपाल संस्करण नेपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से आयोजित किया गया। अब पांचवें कॉन्क्लेव के माध्यम से भारतीय आयुष क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों, रिसर्चर्स और वेलनेस प्रोफेशनल्स से जोड़ने की तैयारी है।
नॉलेज शेयरिंग, ग्लोबल नेटवर्किंग और सम्मान होगा मुख्य आकर्षण
इस कॉन्क्लेव में आयुर्वेद, योग एवं नेचुरोपैथी, यूनानी, सिद्धा, होम्योपैथी, न्यूट्रिशन और अन्य हेल्थ एवं वेलनेस क्षेत्रों से जुड़े डॉक्टरों, वैज्ञानिकों, रिसर्चर्स, इनोवेटर्स, मैन्युफैक्चरर्स और शिक्षाविदों को एक मंच पर लाने का लक्ष्य है। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 200 हेल्थ एवं वेलनेस प्रोफेशनल्स को जोड़ने की योजना है। भारत, नेपाल, बांग्लादेश, थाईलैंड, मलेशिया और अन्य एशियाई देशों के प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।