यामाहा टीन्स रॉक 2026 का खिताब मिजोरम के न्यूहोफ स्कूल बैंड ने जीता, बेंगलुरु में सजा युवा संगीत प्रतिभाओं का मंच
बेंगलुरु : यामाहा म्यूजिक इंडिया की ओर से आयोजित ‘यामाहा टीन्स रॉक 2026 – द बैटल ऑफ बैंड्स’ का ग्रैंड फिनाले बेंगलुरु के प्रेस्टीज सेंटर फॉर...
बेंगलुरु : यामाहा म्यूजिक इंडिया की ओर से आयोजित ‘यामाहा टीन्स रॉक 2026 – द बैटल ऑफ बैंड्स’ का ग्रैंड फिनाले बेंगलुरु के प्रेस्टीज सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स में संपन्न हुआ। ट्रिनिटी कॉलेज लंदन के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के युवा संगीतकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। संगीत, रचनात्मकता और टीमवर्क को समर्पित इस आयोजन ने उभरते कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर दिया।
प्रतियोगिता में मिजोरम के न्यूहोफ इंग्लिश मीडियम स्कूल के न्यूहोफ स्कूल बैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। तमिलनाडु की सीएस एकेडमी का सीएस हाउलर्स बैंड प्रथम उपविजेता रहा, जबकि पश्चिम बंगाल के श्री हनुमान मंदिर धर्मशाला स्कूल के द एप्रिसिटी बैंड ने द्वितीय उपविजेता का स्थान हासिल किया।
ग्रैंड फिनाले में प्रतियोगी बैंड्स के अलावा केएम म्यूजिक कंजर्वेटरी, द सनशाइन ऑर्केस्ट्रा और यामाहा के कलाकारों ने भी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण यामाहा म्यूजिक इंडिया के ब्रांड एंबेसडर और प्रसिद्ध संगीतकार ए.आर. रहमान की उपस्थिति रही। उनके सामने प्रस्तुति देना युवा कलाकारों के लिए एक यादगार अनुभव साबित हुआ।
इस अवसर पर ए.आर. रहमान ने कहा, “संगीत युवाओं को अपनी भावनाएं और विचार व्यक्त करने का अवसर देता है। टीन्स रॉक जैसे मंच उनकी प्रतिभा को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन युवा कलाकारों को पूरे उत्साह के साथ प्रस्तुति देते देखना बेहद सुखद अनुभव रहा। मैं सभी फाइनलिस्ट को बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि यह अनुभव उन्हें संगीत सीखने, नई रचनाएं तैयार करने और अपनी अलग पहचान विकसित करने के लिए प्रेरित करेगा।”