सरवाना/सांचौर: राजस्थान के जालोर जिले के सरवाना थाना क्षेत्र अंतर्गत वेड़िया गांव में बुधवार दोपहर नेशनल हाईवे 925A पर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए और कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस के अनुसार, यह विवाद एक दिन पहले गाड़ी की साइड देने को लेकर हुई कहासुनी से उपजा था और बुधवार को टक्कर की घटना के बाद हिंसा में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रशासन हरकत में आया। जालोर पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल से जारी बयान में पुष्टि की कि "आपसी विवाद के बाद हुए झगड़े की सूचना पर CO सांचौर व SHO पुलिस थाना सरवाना मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों द्वारा घटना के संबंध में परस्पर रिपोर्ट प्रस्तुत की जा रही है। घायलों का मेडिकल करवाया गया। पुलिस द्वारा 2 लोगों को डिटेन तथा 5 वाहनों को जब्त किया गया।"
एक दिन पहले शुरू हुआ था विवाद
सरवाना थानाधिकारी मोहनराम कुमावत के अनुसार, मंगलवार को सरवाना के भीमगुड़ा निवासी भजनलाल और बाड़मेर जिले के बाखासर क्षेत्र के चितरड़ी सेड़वा निवासी रघुनाथराम के बीच गाड़ी की साइड देने को लेकर बहस हुई थी। बुधवार को मामला तब बिगड़ा जब वेड़िया बाजार से गाधव की ओर जा रही बिना नंबर प्लेट की एक पिकअप गाड़ी ने मगाराम की दुकान के बाहर मरम्मत के लिए खड़ी भजनलाल की आई-20 कार को टक्कर मार दी।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद इसी पिकअप ने मगाराम के कैंपर वाहन को भी टक्कर मारी। आरोप है कि यह पिकअप रघुनाथराम की थी।
हाईवे पर पथराव, लाठियों से वाहनों के कांच तोड़े
टक्कर की घटना के तुरंत बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और हाईवे पर ही मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लाठियों से वाहनों के शीशे तोड़े गए तथा कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया।
मारपीट में किसनाराम के पुत्र भजनलाल, हरिंगाराम के पुत्र भजनलाल तथा मगाराम के पुत्र सोहनलाल घायल हो गए। दूसरे पक्ष से रामचंद्रराम के पुत्र दयाराम को भी चोटें आईं। दुकान मालिक मगाराम ने घर के अंदर जाकर अपनी जान बचाई।
पुलिस कार्रवाई: दो गिरफ्तार, पांच वाहन जब्त
दोपहर 2:15 बजे सूचना मिलने पर डूंगरी पुलिस चौकी और सरवाना थाने की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। सरवाना थाना के CI मोहनलाल कुमावत के अनुसार, पुलिस ने मौके से दयाराम और पप्पूराम को हिरासत में लिया है तथा बिना नंबर प्लेट की दो गाड़ियों सहित कुल पांच क्षतिग्रस्त वाहन थाने ले जाए गए हैं।
घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। दोनों पक्षों से क्रॉस-FIR की प्रक्रिया चल रही है।